Header Ads Widget

टीकमगढ़ में निकली ऐतिहासिक कलश यात्रा:



धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की झलक पाने सड़कों पर उमड़े लाखो श्रद्धालु
गिरीश कुमार खरे
टीकमगढ़ । शहर में श्रीराम कथा समारोह को लेकर शनिवार को बागेश्वर धाम के महंत धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज टीकमगढ़ पहुंचे। 25 फरवरी से 5 मार्च तक चलने वाली श्रीराम कथा के पहले दिन शनिवार को ऐतिहासिक कलश यात्रा निकाली गई। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज की एक झलक पाने के लिए करीब 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालु सड़कों पर नजर आए।श्री राम कथा की तैयारियों को लेकर बीते 2 माह से महाआरती से जन जागरण अभियान चलाया जा रहा था। शनिवार सुबह 10 बजे से कलश यात्रा का समय निर्धारित किया गया था, लेकिन बागेश्वर धाम के महंत धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री दोपहर 2 बजे टीकमगढ़ पहुंचे। वह सबसे पहले कथा आयोजक राजेंद्र तिवारी के घर गए। इसके बाद महेंद्र सागर तालाब से ऐतिहासिक कलश यात्रा शुरू की गई। यात्रा में करीब 20 हजार से ज्यादा महिलाएं सिर पर कलश लेकर निकली।

जगह-जगह किया स्वागत

इसके अलावा शोभायात्रा सहित शहर की सड़कों पर स्वागत करने वालों को मिलाकर करीब 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालु नजर आए। कलश यात्रा को लेकर हर उम्र के लोगों में भक्ति भाव नजर आया। महेंद्र सागर तालाब से यात्रा शुरू होकर मुख्य बाजार होते हुए सिंधी धर्मशाला पहुंची। इसके बाद कोतवाली रोड, जय स्तंभ चौराहा, मामोन दरवाजा और अंबेडकर चौराहा होते हुए कलशयात्रा कथा स्थल गंजीखाना मैदान पहुंची। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने फूल वर्षाकर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज सहित श्रद्धालुओं का स्वागत किया।
शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक होगी कथा
श्रीराम कथा के आयोजक राजेंद्र तिवारी ने बताया कि 5 मार्च तक हर दिन शाम 4 बजे से लेकर रात 8 बजे तक श्रीराम कथा का आयोजन होगा। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक स्तर पर इंतजाम किए गए हैं। पूरी कथा के दौरान भंडारा चलेगा। बाहर से आने वाले भक्तों के लिए ठहरने का इंतजाम किया गया है।
*पुलिस ने भक्तों को किया अलर्ट

कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार ने श्रीराम कथा में आने वाले श्रद्धालुओं से अलर्ट रहने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि भीड़भाड़ के दौरान चोर भी सक्रिय हो जाते हैं। इसलिए महिलाओं और बुजुर्गों को खासतौर पर अपने सामान को लेकर सतर्क रहना पड़ेगा।

Post a Comment

0 Comments